रानीखेत: उत्तराखंड के जनपद अल्मोड़ा रानीखेत क्षेत्र से एक बेहद दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। ताड़ीखेत ब्लॉक के सौनी बिनसर स्थित तितालीखेत क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद शवों को खाई से बाहर निकाला गया। मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे स्थानीय राहगीरों ने सड़क से नीचे खाई में क्षतिग्रस्त वाहन देखा। इसके बाद तत्काल 112 आपातकालीन सेवा पर सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही रानीखेत कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई और एसआई हेमा कार्की, एसआई कैलाश चंद्र, हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार सहित होमगार्ड के जवान आनंद और ज्योति घटनास्थल के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचने पर पुलिस और राहत दल के सामने बेहद चुनौतीपूर्ण स्थिति थी। कार करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिरी हुई थी और उसके परखच्चे उड़ चुके थे। वाहन की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता था कि दुर्घटना कितनी भीषण रही होगी। स्थानीय ग्रामीणों, राजस्व पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच शवों को खाई से निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाने में काफी समय लगा।
पुलिस जांच में मृतकों में से एक की पहचान जीवन चंद्र जोशी पुत्र पूरन चंद्र जोशी, निवासी बिठोरिया नंबर-1, हल्द्वानी के रूप में हुई है। हालांकि दूसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार दोनों के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला था, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। इसी दौरान घटनास्थल पर मिले एक मोबाइल फोन पर लगातार कॉल आने से पुलिस को सुराग मिला और एक मृतक की पहचान जीवन चंद्र जोशी के रूप में हो सकी। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत चिकित्सालय भेज दिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना आखिर कब और कैसे हुई।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वाहन चालक का नियंत्रण अचानक वाहन से हट गया होगा, जिसके चलते कार सीधे खाई में जा गिरी। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। रानीखेत और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार सड़क हादसों की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। संकरी सड़कें, तीखे मोड़ और जरा सी लापरवाही कई बार बड़े हादसों का कारण बन जाती हैं। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षित और सतर्क वाहन संचालन की आवश्यकता को उजागर कर दिया है फिलहाल पुलिस दूसरे मृतक की पहचान करने और हादसे की वजहों का पता लगाने में जुटी हुई है। वहीं मृतक जीवन चंद्र जोशी के परिवार में इस दुखद खबर के बाद मातम पसरा हुआ है।
