बॉलीवुड डेस्क: ‘सन ऑफ सरदार’, ‘आर… राजकुमार’, ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में अपने काम के लिए फेमस एक्टर मुकुल देव का 54 साल की उम्र में दिल्ली में निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि वो कई दिनों से बीमार थे और आईसीयू में थे। वो बॉलीवुड एक्टर राहुल देव के भाई थे। उन्होंने टीवी सीरियल्स, वेब सीरीज और म्यूजिक वीडियोज में भी खूब काम किया था। उनकी मौत से इंडस्ट्री सदमे में है और सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
राहुल देव ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि बीती रात को नई दिल्ली में उनके भाई मुकुल देव ने आखिरी सांस ली। वो अपने पीछे बेटी सिया देव को छोड़ गए हैं। 24 मई, शनिवार शाम 5 बजे दयानंद मुक्ति धाम में उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार होगा।
मुकुल देव का जन्म नई दिल्ली में एक पंजाबी परिवार में हुआ था, जिनकी जड़ें जालंधर के पास के एक गांव से जुड़ी थीं। उनके पिता हरी देव पुलिस में असिस्टेंट कमिश्नर थे और उन्होंने ही मुकुल को अफगानी संस्कृति से परिचित कराया था। उनके पिता पश्तो और फारसी भाषा बोल सकते थे।
मुकुल का मनोरंजन की दुनिया से पहला परिचय कक्षा 8 में हुआ जब उन्होंने दूरदर्शन के एक डांस शो में माइकल जैक्सन की नकल करते हुए प्रस्तुति दी थी और इसके लिए उन्हें पहली बार पारिश्रमिक मिला था। मुकुल ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी से हवाई जहाज उड़ाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया था।
धारावाहिक ‘मुमकिन’ (1996) से अभिनय की शुरुआत करने वाले मुकुल देव ने ‘फियर फैक्टर इंडिया’ का पहला सीजन होस्ट किया था। फिल्मों में उनकी शुरुआत ‘दस्तक’ से हुई थी, जिसमें उन्होंने एसीपी रोहित मल्होत्रा का किरदार निभाया था। पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन की भी ये पहली फिल्म थी।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में कोरोना का कमबैक, मिले 23 मरीज, दिल्ली सरकार ने कोरोना को लेकर जारी की एडवाइजरी।