द्वाराहाट: कुमायूँ इंजीनियरिंग कॉलेज द्वाराहाट के दैनिक नियत वेतन भोगी कर्मचारियों का विनियमितिकरण एवं स्थायी नियुक्ति की मांग को लेकर चल रहा धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को आठवें दिन भी जारी रहा। दिनांक 12 जून 2026 को कर्मचारी निदेशक कार्यालय के प्रशासनिक भवन प्रांगण में एकत्र होकर अपनी मांगों के समर्थन में धरने पर बैठे तथा कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।
धरना स्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि आगामी दो दिनों के भीतर उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक और ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो वे अपने आंदोलन को और अधिक उग्र रूप देने के लिए बाध्य होंगे। कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा कि जब तक उन्हें विनियमितिकरण अथवा स्थायी नियुक्ति का लाभ नहीं दिया जाता, तब तक उनका धरना-प्रदर्शन निरंतर जारी रहेगा।
कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से उनकी मांगों को अनदेखा किया जा रहा है और कॉलेज प्रशासन इस विषय पर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहा है। उनका कहना है कि वर्षों से संस्थान की सेवा कर रहे कर्मचारियों को आज भी अपने भविष्य की चिंता सताती है। प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आने के कारण कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।
धरना दे रहे कर्मचारियों ने यह भी कहा कि उनके शांतिपूर्ण आंदोलन को उनकी कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों की लगातार उपेक्षा की गई तो आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन के साथ और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। आंदोलन को आज विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों से भी समर्थन प्राप्त हुआ। चौखुटिया से भुवन कठायत, पूर्व सैनिक एवं उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के नेता जगदीश सिंह रौतेला तथा वरिष्ठ उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी बीरेन्द्र सिंह बजेठा धरना स्थल पर पहुंचे और कर्मचारियों के आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को न्यायोचित बताते हुए प्रशासन से शीघ्र समाधान निकालने की अपील की। इस दौरान समर्थनकर्ताओं ने संस्थान के निदेशक से भी वार्ता की।
धरना स्थल पर पहुंचे सभी अतिथियों और समर्थनकर्ताओं का कर्मचारियों ने आभार व्यक्त किया। वहीं संस्थान के निदेशक ने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि विनियमितिकरण की प्रक्रिया गतिमान है तथा इस संबंध में सचिव तकनीकी शिक्षा एवं माननीय मंत्री तकनीकी शिक्षा से लगातार दूरभाष के माध्यम से वार्ता की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस विषय में सकारात्मक प्रगति देखने को मिलेगी।
आज के धरना-प्रदर्शन में राजेन्द्र सिंह रावत (अध्यक्ष), गणेश सिंह अधिकारी (महामंत्री), कमल बजेठा, नरेश कुमार, कुन्दन रावत, दिवान सिंह, विनेश कुमार, मदनपाल, जसूली देवी, रुबी देवी, पुष्पा मठपाल, सावित्री देवी, खजान चन्द्र नौगाई, दयाल गिरी, भूपेन्द्र सिंह बजेठा एवं रमेश चन्द्र मठपाल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कर्मचारियों ने एक बार फिर दोहराया कि जब तक उनकी वर्षों पुरानी मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
