सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE आज मंगलवार 12 मई को किसी भी समय 12वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी कर सकता है। रिजल्ट को लेकर छात्रों और अभिभावकों की धड़कनें तेज हो चुकी हैं और सभी की नजरें लगातार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और डिजिलॉकर पर बनी हुई हैं। खास बात यह है कि डिजिलॉकर पर “Result Coming Soon” का संदेश दिखाई देने के बाद रिजल्ट जारी होने की संभावना और भी ज्यादा बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार बोर्ड ने रिजल्ट जारी करने की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सूत्रों के मुताबिक कॉपियों के मूल्यांकन का काम अंतिम चरण में था, जिसे 11 मई की रात तक पूरा कर लिया गया। वहीं सभी परीक्षकों को 12 मई सुबह 10 बजे तक अंक पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए थे और अब यह प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि सीबीएसई आज दोपहर या शाम तक कभी भी रिजल्ट जारी कर सकता है।
आपको बता दें कि इस साल सीबीएसई 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल तक आयोजित की गई थीं। इन परीक्षाओं में देशभर से करीब 17 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। बोर्ड ने इस बार रिजल्ट प्रक्रिया को तेज करने के लिए ऑन स्क्रीन मार्किंग सिस्टम का इस्तेमाल किया, जिससे कॉपियों की जांच पहले के मुकाबले अधिक तेजी से हो सकी। हालांकि कुछ विषयों की कॉपियों के मूल्यांकन और अंक अपलोडिंग में देरी के कारण रिजल्ट घोषित होने में थोड़ा समय लग गया।
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र CBSE की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in, results.cbse.nic.in और डिजिलॉकर के माध्यम से अपना परिणाम चेक कर सकेंगे। इसके अलावा उमंग ऐप के जरिए भी छात्र अपना रिजल्ट आसानी से देख पाएंगे। रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को अपना रोल नंबर, स्कूल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी की जरूरत होगी।
बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि इस बार रिजल्ट प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाया गया है ताकि छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं छात्र और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइटों पर ही भरोसा करें और किसी अफवाह पर ध्यान न दें। अब सभी छात्रों को बस उस पल का इंतजार है जब सीबीएसई आधिकारिक रूप से रिजल्ट जारी करेगा। माना जा रहा है कि आज का दिन लाखों छात्रों के भविष्य के लिए बेहद अहम साबित होने वाला है।
