द्वाराहाट। कुमाऊँ इंजीनियरिंग कॉलेज द्वाराहाट के दैनिक नियत वेतनभोगी कर्मचारियों का अपनी एकसूत्रीय मांग विनियमितिकरण एवं स्थायी नियुक्ति को लेकर आंदोलन लगातार जारी है। कर्मचारी कॉलेज के प्रशासनिक भवन प्रांगण में धरने पर डटे हुए हैं और वर्षों से लंबित मांग को लेकर कॉलेज प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्यक्त कर रहे हैं। आंदोलनरत कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से सेवा देने के बावजूद उन्हें अब तक नियमितीकरण का लाभ नहीं मिल पाया है, जिससे उनमें भारी असंतोष व्याप्त है। धरना स्थल पर कर्मचारियों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि विनियमितिकरण की प्रक्रिया में और अधिक देरी की गई तो आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।
आंदोलन को उस समय नई ऊर्जा मिली जब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश विभाग प्रभारी एवं पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल साही अपने सहयोगियों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कॉलेज प्रशासन और कर्मचारियों के बीच वार्ता कराने का प्रयास किया। उनकी पहल पर कॉलेज के निदेशक और आंदोलनरत कर्मचारियों के बीच महत्वपूर्ण बातचीत हुई। वार्ता के दौरान कॉलेज निदेशक ने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों से संबंधित समस्त आवश्यक डाटा आगामी दो दिनों के भीतर चयन समिति को उपलब्ध करा दिया जाएगा। इसके बाद विनियमितिकरण का अंतिम प्रस्ताव तकनीकी शिक्षा मंत्री एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव, देहरादून को अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। निदेशक ने भरोसा दिलाया कि जैसे ही शासन स्तर से स्वीकृति प्राप्त होगी, कर्मचारियों के विनियमितिकरण संबंधी आदेश जारी कर दिए जाएंगे।
इस महत्वपूर्ण वार्ता के दौरान द्वाराहाट के उपजिलाधिकारी भी मौजूद रहे, जिससे कर्मचारियों को सकारात्मक समाधान की उम्मीद जगी है। हालांकि कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। आज के धरना-प्रदर्शन में दिवान सिंह रावत, कुन्दन रावत, विनेश, सावित्री देवी, नरेश कुमार, धन सिंह अधिकारी, पुष्पा मठपाल, रुबी देवी, जसूली देवी, मदन पाल, कमल सिंह बजेठा, निखिल उपाध्याय, रमेश मठपाल, खजान चन्द्र नौगाई, गोपाल उपाध्याय, दयाल गिरी, भूपेन्द्र सिंह, गणेश अधिकारी, दीपक बजेठा एवं नित्यानंद उप्रेती सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन देने वालों में भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय बजेठा, ग्राम प्रधान डढोली मनोज मैहरा, जिला पंचायत सदस्य विजेपुर युगल किशोर आर्य, चेतन गिरी गोस्वामी, रमेश पुरी, हीराबल्लभ तथा महेश कैड़ा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से संस्थान की सेवा कर रहे हैं और अब उन्हें केवल आश्वासनों से नहीं बल्कि स्थायी समाधान की आवश्यकता है। आने वाले दिनों में शासन और प्रशासन की ओर से क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। फिलहाल आंदोलनरत कर्मचारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
