अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भतरोंजखान थाना क्षेत्र के रापड़ मोड़ के पास एक ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। जानकारी के मुताबिक गुरुवार तड़के करीब चार बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि भाटिया-भिकियासैंण मार्ग के पास सड़क किनारे एक कार की नंबर प्लेट पड़ी हुई है। नंबर प्लेट मिलने के बाद पुलिस को किसी अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलते ही भतरोंजखान थाना पुलिस तुरंत मौके के लिए रवाना हुई।
जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो सड़क के आसपास वाहन दिखाई नहीं दिया। इसके बाद खाई में वाहन गिरने की संभावना को देखते हुए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। मौके पर 108 एंबुलेंस सेवा, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन टीम, राजस्व विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को भी बुलाया गया। संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान काफी मशक्कत के बाद सड़क से लगभग 150 मीटर नीचे गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त ऑल्टो कार दिखाई दी। रेस्क्यू टीम तुरंत खाई में उतरी और वाहन तक पहुंची। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। टीम ने अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी तहसील रानीखेत और कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक जागरी का कार्य करते थे। मंगलवार रात वे ग्राम चमोली पुसैला में आयोजित जागर कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद देर रात वे कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रापड़ मोड़ के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां सड़क काफी संकरी और खतरनाक मोड़ों वाली है। रात के समय यहां वाहन चलाना बेहद जोखिम भरा माना जाता है। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी रानीखेत भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
