अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा के लमगड़ा क्षेत्र में सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। ग्राम बलिया-बैगनिया मार्ग पर एक अल्टो कार अनियंत्रित होकर लगभग 20 से 25 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार 29 जून 2026 को करीब दोपहर 2 बजे थाना लमगड़ा पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बलिया-बैगनिया रोड पर एक अल्टो कार संख्या UK04Z-5819 दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक पुलिस टीम तथा आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने तक स्थानीय ग्रामीण भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट चुके थे। पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर वाहन में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायलों में गोपाल सिंह (45 वर्ष) पुत्र खीम सिंह तथा सचिन सिंह बिलवाल (18 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र सिंह बिलवाल, निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन में सवार सभी छह लोग ग्राम विशौद बैगनिया से अपने गांव बलिया लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में जान गंवाने वालों में राजेन्द्र सिंह बिलवाल (40 वर्ष) पुत्र नारायण सिंह, जगदीश सिंह (35 वर्ष) पुत्र लछम सिंह, लछम सिंह (56 वर्ष) पुत्र प्रताप सिंह तथा पान सिंह (55 वर्ष) पुत्र विशन सिंह, सभी निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा, जिला अल्मोड़ा शामिल हैं।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ही गांव के चार लोगों की असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
