रुद्रप्रयाग। अगस्तमुनि इलाके के भुनालगांव में शनिवार की सुबह भालू के हमले में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस हमले में महिलाओं के सिर और शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, भुनालगांव की बुरांसी देवी और शशि देवी पर सुबह अचानक एक भालू ने हमला कर दिया। हमले में दोनों महिलाएं बुरी तरह जख्मी हो गईं। चीख-पुकार सुनकर गाँव के लोग इकट्ठा हुए और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पीएचसी बक्सीर को दी।
यह भी पढ़े: पहाड़ों में भारी बारिश का खतरा, येलो अलर्ट से बढ़ी सतर्कता
सूचना मिलते ही मेडिकल टीम मौके पर पहुँची और घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद, उन्हें हेली सेवा के माध्यम से अगस्तमुनि ले जाया गया। वहाँ से एम्बुलेंस द्वारा दोनों को जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग लाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
यह घटना दर्शाती है कि पहाड़ी क्षेत्रों में वन्यजीवों के हमले का खतरा लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।