बागेश्वर। बागेश्वर जिले के कपकोट इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां चार लड़कों ने दो नाबालिग लड़कियों को बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा और कथित तौर पर उनके साथ छेड़छाड़ भी की। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लड़के लड़कियों के साथ मारपीट करते, उन्हें गालियां देते और मुर्गा बनाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों लड़कों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, तनुज गडिय़ा, दीपक उर्फ दक्ष, योगेश गडिय़ा और लक्ïकी कठायत नामक चार लड़कों ने दो नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर एक कमरे में बुलाया। वहां उन्होंने लड़कियों के साथ मारपीट की और उनके साथ छेड़छाड़ भी की। आरोपियों ने इस मारपीट का वीडियो भी बनाया, जिसमें लड़कियां रोती हुई और उनसे छोड़ने की गुहार लगाती हुई दिख रही हैं, लेकिन लड़के उन्हें लगातार पीटते रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। इस दौरान तनुज को छोड़कर बाकी तीन आरोपी, दीपक, योगेश और लक्की, कपकोट से भागकर एक कार में बागेश्वर की ओर रवाना हो गए। देर शाम, कोतवाली में तैनात वरिष्ठ उप निरीक्षक खष्टी बिष्ट अपनी टीम के साथ मंडलसेरा बाईपास के पास गश्त कर रही थीं। उन्होंने बिना नंबर प्लेट वाली एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया। जैसे ही पुलिस ने कार का दरवाजा खोला, अंदर बैठे तीनों युवकों ने पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और वहां से भागने की कोशिश की।
यह भी पढ़ो : One UI 7 official : आपके फ़ोन में कब आएगा नया अपडेट? जानिए यहाँ
पुलिस ने तुरंत लड़कों का पीछा किया और मंडलसेरा बाईपास पुल के पास उन्हें घेर लिया। इस दौरान दो युवक पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहे, जबकि कार चला रहे तीसरे आरोपी योगेश गडिय़ा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने फरार युवकों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोगों में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।