रानीखेत: अल्मोड़ा जिले के रानीखेत में भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर आ गया है। सेना ने वर्ष 2026 की अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत कर दी है। विभिन्न पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 1 अप्रैल 2026 तक चलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट http://joinindianarmy.nic.in पर जाकर आसानी से आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती से उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों के युवाओं को विशेष लाभ मिलेगा, जो सेना भर्ती कार्यालय अल्मोड़ा के अंतर्गत आते हैं।इस वर्ष भर्ती प्रक्रिया में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, जो युवाओं के लिए फायदेमंद साबित होंगे। सबसे खास बात यह है कि उम्मीदवार अब एक साथ दो पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। इससे उनकी संभावनाएं दोगुनी हो जाती हैं, हालांकि प्रतिस्पर्धा भी बढ़ेगी।
यह भी पढ़ें :हल्द्वानी मंडी डबल मर्डर: छेड़छाड़ का विरोध बना कत्ल का सबब, SSP मंजुनाथ ने 6 घंटे में 4 हत्यारों को दबोचा!
आयु सीमा में भी राहत दी गई है। पहले अधिकतम आयु 21 वर्ष थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 22 वर्ष कर दिया गया है। यानी 17 साल 6 महीने से 22 वर्ष तक के युवा आवेदन के पात्र हैं। यह बदलाव उन युवाओं के लिए वरदान है, जो थोड़े लेट हो गए थे।भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत ऑनलाइन पंजीकरण से होती है। आवेदन शुल्क मात्र 250 रुपये है।
रानीखेत जैसे पहाड़ी क्षेत्र में सेना भर्ती का केंद्र होने से स्थानीय युवाओं में उत्साह का संचार हो गया है। यहां के साहसी और अनुशासित युवा हमेशा सेना में भर्ती के लिए प्रसिद्ध रहे हैं। अल्मोड़ा के युवा न केवल अपनी कठोर भौगोलिक परिस्थितियों से लड़ने के आदी हैं, बल्कि देश सेवा का जज्बा भी उनमें कूट-कूटकर भरा है। इस भर्ती से सैकड़ों युवाओं को सेना में कदम रखने का मौका मिलेगा। हालांकि, सफलता के लिए कड़ी मेहनत जरूरी है। परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस पर भी ध्यान देना होगा।सेना ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाणपत्र आदि तैयार रखें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचें और केवल आधिकारिक वेबसाइट का ही उपयोग करें। गलत जानकारी देने पर अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।
पदानुसार शैक्षिक योग्यता
जनरल ड्यूटी – 10 पास
ट्रेड्समैन – 8 व 10 पास
टेक्निकल/क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल – 12 (विज्ञान वर्ग) पास
महिला सैन्य पुलिस/नर्सिंग सहायक – 10 पास
खेल, एनसीसी और आईटीआई प्रमाणपत्र धारकों को बोनस अंक का लाभ मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर के खिलाड़ियों को अलग-अलग अंक दिए जाएंगे। एनसीसी के सी प्रमाणपत्र धारकों को अधिकतम 20 अंक तक की छूट मिलेगी।
