देहरादून: उत्तराखंड में मौसम के तेवर तल्ख हो गए हैं। पहाड़ से मैदान तक बादलों ने डेरा जमा लिया है और सुबह से ही चोटियों पर हिमपात, निचले इलाकों में रिमझिम वर्षा का सिलसिला चलता रहा। जिससे पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई। इससे और भी ज्यादा ठिठुरन बढ़ गई। आपको बता दें कि बारिश और बर्फबारी के अलावा कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तीव्र बौछारें और ओलावृष्टि पड़ने की आशंका भी मौसम विभाग ने व्यक्त की हैं। गुरुवार को सुबह से ही प्रदेशभर में घने बादल मंडराते रहे और दून समेत कई क्षेत्रों में सुबह से ही हल्की वर्षा का दौर चलता रहा।
उधर, देहरादून समेत हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल व चम्पावत जिले के अधिकांश इलाकों में बारिश हो रही है। वहीं, मौसम केंद्र की ओर से 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और ओलावृष्टि के साथ कुछ स्थानों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, एक मार्च के बाद प्रदेशभर में मौसम खुलने के आसार हैं।
सर्दियों में पहली बार दो दिन से लगातार हुई बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। देहरादून की बात करें तो बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 12.3 डिग्री का अंतर देखने को मिला। बीते बुधवार को यहां का अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री दर्ज किया गया था। जबकि, बृहस्पतिवार को सामान्य से आठ डिग्री की कमी के साथ 16.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सीजन में पहली बार पश्चिमी विक्षोभ इस मजबूती के साथ सक्रिय हुआ है। इसके चलते बारिश-बर्फबारी से तापमान में गिरावट आई है।
शहर, अधिकतम और न्यूनतम तापमान
देहरादून – 18.9, 16.7
ऊधमसिंह नगर – 25.6, 12.5
मुक्तेश्वर – 13.9, 6.8
नई टिहरी – 10.6, 8.4
वहीं केदारनाथ धाम में भी आधा फ़ीट लगभग ताजी बर्फ जम गई है। केदारनाथ धाम में दो दिनों से बर्फबारी हो रही है। यहां पहले से ही सवा फीट बर्फ जमा है और अब ऊपर से और ताजा बर्फ जम गई है। इसके अलावा द्वितीय केदार मद्महेश्वर, तृतीया केदार तुंगनाथ, पर्यटक स्थल चोपता और कालीशीला के ऊपरी क्षेत्र के साथ ही त्रियुगीनारायण के ऊपरी जंगलों में भी हल्की बर्फबारी हुई है।
बारिश और बर्फबारी से प्रदेश के ग्लेशियर भी रिचार्ज हो गए हैं। गुरुवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा। उधम सिंह नगर का अधिकतम तापमान 25.6 और न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस।
मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 13.9 और न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 10.6 और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह के अनुसार आज प्रदेश भर में बारिश और बर्फबारी का माहौल रहेगा। टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग , पिथौरागढ़ और बागेश्वर में 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में भारी वर्षा के आसार हैं जिसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें: चारधाम 2025: केदारनाथ मंदिर के कपाट दो मई को श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे