चुनाव आयोग ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों की घोषणा कर दी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि दिल्ली में एक ही चरण में मतदान होगा। दिल्ली के मतदाता 5 फरवरी 2025 को अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे, और नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। तारीखों की घोषणा के साथ ही राजधानी में आचार संहिता लागू हो गई है। इस बार का चुनाव मुख्य रूप से सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच माना जा रहा है। वहीं, कांग्रेस भी अपनी पूरी तैयारी और ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरने जा रही है।
चुनाव कार्यक्रम
चुनाव आयोग के अनुसार, दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 10 जनवरी 2025 को अधिसूचना जारी की जाएगी। उसी दिन से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 17 जनवरी है, जबकि 18 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। प्रत्याशी 20 जनवरी तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे।
दिल्ली में 70 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी 2025 को समाप्त हो रहा है। चुनाव आयोग ने समय पर चुनाव कराने के लिए अपनी पूरी तैयारी कर ली है। राजधानी में 13,000 से अधिक पोलिंग बूथ स्थापित किए जाएंगे।
यह भी पढ़े : प्रदेश में एचएमपीवी वायरस के रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग सतर्क, सभी जिलों को दिए निर्देश।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने जानकारी दी कि दिल्ली में कुल एक करोड़ 55 लाख 24,858 मतदाता हैं। इनमें 85,49,645 पुरुष मतदाता, 71,73,952 महिला मतदाता और दो लाख नए फर्स्ट-टाइम वोटर शामिल हैं।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। आम आदमी पार्टी अपने विकास कार्यों के दम पर एक बार फिर सत्ता में वापसी की कोशिश करेगी, जबकि भाजपा अपने मजबूत संगठन और केंद्र सरकार की नीतियों के सहारे दिल्ली में अपनी स्थिति मजबूत करने का प्रयास करेगी। कांग्रेस, जो पिछले कुछ चुनावों में कमजोर प्रदर्शन करती रही है, इस बार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद में पूरी ताकत लगा रही है।
दिल्ली में परंपरागत रूप से विधानसभा चुनाव एक ही चरण में होते रहे हैं। नए सदन का गठन 23 फरवरी से पहले किया जाना आवश्यक है। चुनाव आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव कराने का भरोसा दिया है।
यह भी पढ़े : CBSE भर्ती 2025: अधीक्षक और जूनियर असिस्टेंट पदों के लिए आवेदन शुरू, जानें योग्यता और फीस
अब देखना होगा कि दिल्ली के मतदाता किसे अपनी अगली सरकार के रूप में चुनते हैं।